सुपौल। सदर प्रखंड अंतर्गत लोरिक धाम हरदी दुर्गा स्थान स्थित मां वन दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को उत्कृष्ट एवं कर्तव्यनिष्ठ अनुमंडल पदाधिकारी सह मां वन दुर्गा मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष इंद्रवीर कुमार का विदाई सह सम्मान समारोह अत्यंत ही भावपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर न्यास समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों, साधु समाज एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा श्री कुमार को फूल-मालाओं, बुके, शॉल, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन करते हुए न्यास समिति के सचिव डॉ. अमन कुमार ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, कार्यों के प्रति समर्पण एवं मिलनसार व्यवहार से आमजन के दिलों में गहरी छाप छोड़ी है। उनके बेहतरीन एवं प्रभावशाली कार्यों को सुपौलवासी वर्षों तक याद रखेंगे।
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ इंद्रवीर कुमार ने कहा कि सुपौल से विदा लेना उनके लिए दुखद है, लेकिन नई जिम्मेदारी को लेकर वे उत्साहित भी हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी से विदा लेना भावुक क्षण है, किंतु आशा है कि हम सभी हमेशा संपर्क में बने रहेंगे। अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए उन्होंने सभी के प्रति आभार प्रकट किया।
वक्ताओं ने कहा कि श्री कुमार की पदोन्नति पूर्णतः उचित है और नई भूमिका की शुरुआत के लिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं। वहीं न्यास समिति के उपाध्यक्ष डॉ. दयानन्द भारती, हृदय नारायण मुखिया एवं कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद यादव ने कहा कि इंद्रवीर कुमार की कमी सुपौलवासियों को हमेशा खलेगी, लेकिन निरंतर आगे बढ़ते रहना ही जीवन है। कुछ पाने के लिए कभी-कभी कुछ पीछे छोड़ना भी पड़ता है। सभी ने उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर देवेन्द्र प्रसाद यादव, अरूण यादव, भगवानदत्त यादव, जीवनेश्वर पाठक, सुधीर मिश्र, संत नरेश दास, छुतहरू शर्मा, सचिन्द्र दास, कृष्ण कुमार, राम प्रसाद यादव, शशि भूषण मंडल, शंभू यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं