सुपौल। गुप्त सूचना के आधार पर कुनौली पुलिस ने रविवार दोपहर कमलपुर स्थित तिलयुगा नदी के समीप सरसों के खेत से 90 बोतल करनाली गोल्ड शराब जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में निर्मली अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजू रंजन ने बताया कि पुलिस को अवैध शराब छुपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद कुनौली थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थल पर छापेमारी की और शराब को बरामद कर लिया।
कुनौली थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर राणा रणविजय कुमार ने बताया कि बरामद शराब को विधिवत जब्त कर लिया गया है तथा इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब किसकी है और इसे किस उद्देश्य से रखा गया था।
छापेमारी अभियान में कुनौली थाना के एएसआई दिवाकर प्रसाद, महेंद्र प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं