सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के पथरा उत्तर पंचायत वार्ड नंबर 5 स्थित महादलित टोला में दो दिवसीय दीना-भदरी मेला का भव्य आयोजन किया गया। बुधवार को मेला देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।
बताया जाता है कि दीना-भदरी मेला मुख्य रूप से मुसहर समुदाय के लोगों द्वारा आयोजित किया जाता है। मेला आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि दीना-भदरी नेपाल के जोगिया नगर के रहने वाले वीर बलवान और दलितों के लोक देवता माने जाते हैं। समाज में उन्हें शोषित और वंचितों के रक्षक के रूप में पूजा जाता है।
लोक मान्यता के अनुसार दीना-भदरी ने अत्याचारी राजाओं के खिलाफ संघर्ष कर समाज में न्याय और समानता स्थापित करने का कार्य किया था। यही कारण है कि मुसहर समुदाय की सांस्कृतिक परंपरा में उनका विशेष स्थान है और हर वर्ष श्रद्धा और आस्था के साथ उनका मेला आयोजित किया जाता है।
मेले में श्रद्धालुओं ने दीना-भदरी की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके अलावा मेले में बच्चों और ग्रामीणों के लिए विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन भी लगाए गए, जिससे लोगों ने मेले का भरपूर आनंद उठाया।
मेला आयोजन में स्थानीय योगेंद्र सादा, सुकरेत सादा, अनिल सादा, महेंद्र सादा, रंजीत सादा, देबू सादा, बेचन सादा और सुरेंद्र सादा सहित दर्जनों ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजकों ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए गांव के लोगों ने मिलकर तैयारी की थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं