सुपौल। घरेलू एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी के आरोप को लेकर लोगों द्वारा बुधवार सुबह एनएच जाम कर प्रदर्शन किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। इसी क्रम में बुधवार दोपहर बाद एमओ नेहा कुमारी ने भवानी इंडेन के नगर क्षेत्र के बघला स्थित गोदाम का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान एमओ ने गोदाम में उपलब्ध गैस सिलेंडरों के स्टॉक की बारीकी से पड़ताल की। उन्होंने बताया कि गोदाम के ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार के स्टॉक की जांच की गई, जिसमें कोई भी भरा हुआ गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं पाया गया। गोदाम में केवल कुछ खाली सिलेंडर ही मौजूद थे।
एमओ ने बताया कि इस संबंध में इंडेन के एरिया मैनेजर से भी बातचीत की गई है। एरिया मैनेजर ने जानकारी दी कि गैस का स्टॉक प्लांट से डिस्पैच हो चुका है और गुरुवार सुबह से गैस आपूर्ति की समस्या खत्म हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं द्वारा गैस स्टॉक नहीं मिलने की शिकायत को लेकर ही लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। प्रशासन की ओर से उपभोक्ताओं को जल्द ही गैस उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कोई टिप्पणी नहीं