Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

किशनपुर : भीषण अगलगी में चार परिवारों के पांच घर जलकर राख




सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र के कोशी बांध के भीतर मौजहा पंचायत के पंचगछिया गांव वार्ड नंबर 14 में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार परिवारों के पांच घर जलकर राख हो गए। अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना में पंचगछिया निवासी राजकिशोर यादव, सुभाष यादव, रंजन यादव और ललटू यादव के घर सहित कपड़ा, बर्तन, अनाज, जेवर, नगद रुपये और महत्वपूर्ण कागजात जलकर राख हो गए। वहीं बिहारी यादव के एक घर तथा गगनदेव यादव के एक घर का आंशिक हिस्सा भी आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया।

बताया गया कि सुभाष यादव के यहां 5 मार्च से भगैत कार्यक्रम चल रहा था, जबकि बिहारी यादव के घर 7 मार्च से भगैत और उनके पौत्र का मुंडन कार्यक्रम आयोजित था। वहीं गगनदेव यादव के पुत्र की शादी 9 मार्च को हुई थी और 10 मार्च को नवविवाहित दुल्हन घर आई थी। इसी बीच लगी आग ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया और घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।

परिजनों ने बताया कि खाना बनाने के बाद चूल्हे की राख बाहर फेंक दी गई थी, जिससे धीरे-धीरे सुलगते हुए आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को भी घेर लिया और भारी नुकसान हो गया।

घटना में पीड़ित परिवारों को करीब दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। इस संबंध में अंचल अधिकारी सुशीला कुमारी ने बताया कि अब तक किसी पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं