सुपौल। त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया एवं रक्त की कमी की समस्या को दूर करने के लिए विशेष उपचार की शुरुआत की गई है। गुरुवार से अस्पताल में आयरन सुक्रोज दवा के माध्यम से गर्भवती महिलाओं का उपचार शुरू किया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान शरीर में खून की कमी मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या बन जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन द्वारा यह विशेष पहल शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि आयरन सुक्रोज एक प्रभावी दवा है, जो शरीर में तेजी से आयरन की कमी को पूरा करने में सहायक होती है। इससे गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार होता है तथा प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं की संभावना भी कम हो जाती है।
डॉ. उमेश कुमार ने गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवा एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित जांच और सही उपचार से एनीमिया जैसी समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
अस्पताल में जिन महिलाओं का उपचार शुरू किया गया है, उनमें बघेली वार्ड संख्या-7 निवासी ललन कुमार शर्मा की 25 वर्षीय पत्नी गुड़िया कुमारी एवं कलानंद शर्मा की 24 वर्षीय पत्नी खुशबू कुमारी शामिल हैं। दोनों महिलाओं में रक्त की कमी पाई गई थी, जिसके बाद चिकित्सकों की देखरेख में उन्हें आयरन सुक्रोज दवा दी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं