सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल बीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी शैलेशपुर द्वारा नियमित जांच अभियान के दौरान वन्यजीव तस्करी से जुड़ा एक मामला उजागर किया गया। जांच के दौरान एसएसबी जवानों ने एक नेपाली महिला के थैले से हिरण के सींग बरामद किए, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित वन्यजीव से संबंधित पाए गए।
हिरासत में ली गई महिला की पहचान सुनीता देवी के रूप में हुई है, जो नेपाल के सिराहा जिला अंतर्गत नगर पंचायत मिर्चैया वार्ड संख्या-03 की निवासी बताई गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी एसएसबी बीरपुर के कमांडेंट Gaurav Singh ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी एवं वन्यजीवों से संबंधित अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी द्वारा लगातार सतर्कता और सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नियमित चेक पोस्ट ड्यूटी के दौरान महिला को संदिग्ध सामान के साथ पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि बरामद हिरण के सींग एवं पकड़ी गई महिला को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अग्रिम कार्रवाई हेतु वन विभाग, बीरपुर को सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई को सफल बनाने में मुख्य आरक्षी (सामान्य) कृष्ण कुमार सहित अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं