Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

छातापुर : सहयोग सह जनकल्याण शिविर में उमड़ी फरियादियों की भीड़, दूसरे दिन करीब 500 आवेदन प्राप्त



सुपौल। छातापुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय सहयोग सह जनकल्याण शिविर के दूसरे दिन गुरुवार को फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विभिन्न विभागों से जुड़े करीब 500 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लोगों को राहत प्रदान की गई।

प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित शिविर में हेल्प डेस्क के अलावा 19 विभागीय काउंटर लगाए गए थे, जहां लोगों की समस्याओं का समाधान एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

प्रखंड कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत सर्वाधिक 262 नए पंजीकरण किए गए। वहीं बिहार निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत 100 श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें जॉब कार्ड प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान राजस्व विभाग से जुड़े 38 मामलों का निष्पादन किया गया। सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित 12 नए नामांकन एवं लंबित भुगतान मामलों का निपटारा किया गया। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं छात्रवृत्ति के 7 आवेदनों का सत्यापन तथा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लिए 7 नए पंजीकरण किए गए।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड (70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग) के एक-एक नए कार्ड बनाए गए। दिव्यांग कल्याण योजनाओं से जुड़े 3 मामलों का निष्पादन किया गया, जबकि परवरिश योजना के तहत 2 आवेदन प्राप्त हुए।

कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के 2 लाभार्थियों की आधार सीडिंग की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक नए सर्वेक्षण एवं एक लंबित आवास पूर्णता से संबंधित कार्य संपन्न किया गया।

इसके अलावा लखपति दीदी योजना में 3 नए पंजीकरण, वीबीजी से संबंधित 3 लाभार्थियों को जोड़ा गया, पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना के लिए 3 आवेदन पंजीकृत किए गए तथा शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि से जुड़े 3 भुगतान मामलों का निष्पादन किया गया।

शिविर में अंचल अधिकारी राकेश कुमार, आरडीओ प्रवीण कुमार रजक, मनरेगा पीओ शिव नारायण लाल, जीविका बीपीएम रमाकांत मंडल, प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सरदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

कोई टिप्पणी नहीं