सुपौल। प्रतापगंज प्रखंड मुख्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय सहयोग सह जन कल्याण शिविर का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 24 मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविरों से लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, श्रम, मनरेगा, आवास, आपूर्ति सहित कुल 21 विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों और मांगों से संबंधित आवेदन जमा किए, जिन पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई।
बीडीओ ने बताया कि जिन आवेदनों का मौके पर निष्पादन संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने सभी विभागों को लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।

कोई टिप्पणी नहीं