सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के पिपराखुर्द पंचायत वार्ड संख्या-3 निवासी एवं जन अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह कुशवाहा को पुलिस ने गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उनके आवास पर भपटियाही थाना पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में 45 लाख रुपये से अधिक नकद राशि, एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद होने का दावा किया गया है।
भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की रात पुलिस टीम ने उपेंद्र सिंह कुशवाहा के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर में रखी आलमारी के लॉकर से 45 लाख रुपये से अधिक नकद राशि, एक देसी कट्टा तथा एक जिंदा गोली बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर भपटियाही थाना कांड संख्या 165/26 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए सुपौल जेल भेज दिया गया।
मामले के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस बरामद नकदी के स्रोत, हथियार की वैधता और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है। भपटियाही थाना पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं