सुपौल। क्षेत्र भ्रमण के दौरान सांसद दिलेश्वर कामत ने गुरुवार को वीरपुर हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एयरपोर्ट परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वीरपुर एयरपोर्ट के विकास को लेकर गंभीर है और इसके लिए आवश्यक राशि भी स्वीकृत कर दी गई है।
सांसद ने बताया कि प्रारंभिक योजना के तहत यहां 20 सीटों वाले विमानों के संचालन का प्रस्ताव था, लेकिन अब एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाकर 60 सीटों वाले विमानों के संचालन योग्य बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार के साथ एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया तथा इसके शीघ्र संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि जुलाई माह में होने वाले संसद सत्र में भी वीरपुर एयरपोर्ट का मुद्दा उठाया जाएगा, ताकि इसके संचालन की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और क्षेत्र के लोगों को हवाई सेवा का लाभ जल्द मिल सके। एयरपोर्ट निरीक्षण से पूर्व सांसद ने कोचगामा पंचायत के वार्ड संख्या 12 एवं 13 के बीच स्थित थल्हा धार का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने वहां पुल निर्माण की मांग रखी। सांसद ने संबंधित स्थल का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके बाद वीरपुर आईबी में ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन पुल, पुलिया तथा सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों से विकास योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त की और सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमन कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष बसंतपुर अनिल कुमार खेड़वार, छातापुर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अजय आनंद सहित एनडीए के कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं