सुपौल। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भपटियाही थाना पुलिस द्वारा बुधवार को थाना अध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में प्रखंड क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च भपटियाही बाजार, सरायगढ़, लालगंज बाजार, मुरली, पिपराखुर्द, शाहपुर पृथ्वीपट्टी, झिल्लाडुमरी, छिटही हनुमान नगर, लौकहा सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च के दौरान आम लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई। लालगंज बाजार में जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस ने फ्लैग मार्च में शामिल अधिकारियों से मुलाकात कर पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुरुवार को छिटही हनुमान नगर, शाहपुर पृथ्वीपट्टी, झिल्लाडुमरी सहित विभिन्न पंचायतों में मुहर्रम जुलूस निकाले गए, जहां युवाओं ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अच्युतानंद, अंचलाधिकारी धीरज कुमार, राजस्व अधिकारी राकेश रंजन, भपटियाही थाना अध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी, एसआई शौर्य दिगयांशु, वर्षा कुमारी सहित पुलिस बल ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में गश्त कर लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

कोई टिप्पणी नहीं