सुपौल। कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने किशनपुर अंचल के दुबियाही पंचायत के वार्ड संख्या 6 एवं 7 तथा सरायगढ़ प्रखंड के ढोली पंचायत में गृह कटान से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली तथा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन किया। जिला प्रशासन की ओर से तत्काल राहत उपलब्ध कराते हुए जरूरतमंद परिवारों के बीच पॉलीथीन शीट्स का वितरण कराया गया, ताकि वे वर्षा एवं अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों से सुरक्षित रह सकें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना विलंब के सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से अन्य आवश्यक सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन कोसी नदी के जलस्तर एवं कटाव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06473-224005 पर दें। हाल के दिनों में कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारिक, अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर साहू, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार सहित किशनपुर एवं सरायगढ़-भपटियाही के संबंधित अंचल अधिकारी भी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं