सुपौल। थाना क्षेत्र के एनएच-327ई पर लक्ष्मीनियाँ स्कूल के समीप शुक्रवार को एक अज्ञात ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छातापुर थाना क्षेत्र के उधमपुर वार्ड संख्या-7 निवासी रुणा देवी (55) अपने पुत्र ओमप्रकाश यादव (26) के साथ बाइक से किसी कार्य से त्रिवेणीगंज आ रही थीं। इसी दौरान लक्ष्मीनियाँ स्कूल के समीप एक अज्ञात ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपने वाहन से दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
दुर्घटना के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान कर मामले की जांच में जुट गई है।

कोई टिप्पणी नहीं