सुपौल। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को किशनपुर प्रखंड परिसर स्थित टीसीपी भवन में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पिंकी कुमारी ने की।
बैठक में प्रखंड की सभी 16 पंचायतों के मुखिया, सहायक विद्युत अभियंता आशुतोष शर्मा, कनीय अभियंता हिमानी रंजन सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत उपभोक्ता अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली का उत्पादन कर सकते हैं, जिससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
सहायक विद्युत अभियंता आशुतोष शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर प्लांट पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान कर रही है।
बैठक में सभी मुखियाओं से अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र परिवारों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा अपनाएंगे तो बिजली खर्च कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
बीडीओ पिंकी कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद लाभकारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे लोगों को योजना की पात्रता, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं मिलने वाली सब्सिडी की सही जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठा सकें।
बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा सोलर संयंत्र स्थापना से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कोई टिप्पणी नहीं