सुपौल। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय साप्ताहिक सोमवारीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में न्यायालय वाद, दाखिल-खारिज, जिला जनता दरबार, जन संवाद, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान सहयोग पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार एवं ससमय निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आमजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक में उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार, अपर समाहर्त्ता सच्चिदानंद सुमन, अपर समाहर्त्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री विकास कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी गयानंद यादव, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्त्ता पुष्पा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिले के विभिन्न अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को विभागीय कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तत्परता बरतने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।


कोई टिप्पणी नहीं