सुपौल। उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने किशनपुर प्रखंड अंतर्गत तुलापट्टी पंचायत का भ्रमण कर मनरेगा एवं विकसित भारत जी राम जी के तहत संचालित वृक्षारोपण की नई एवं पुरानी योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वृक्षारोपण कार्य की प्रगति एवं उसकी उपयोगिता का निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान तुलापट्टी पंचायत में दो नए यूनिट में वृक्षारोपण कार्य का शुभारंभ किया गया। उप विकास आयुक्त ने स्वयं वृक्षारोपण की शुरुआत करते हुए लाभुक किसान से बातचीत की और पौधरोपण के सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों की जानकारी दी। उन्होंने किसान को पौधों की नियमित देखभाल करने तथा उनकी उत्तरजीविता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीडीसी ने तुलापट्टी में लगभग सात वर्ष पुरानी वृक्षारोपण योजना का भी निरीक्षण किया। इस दौरान योजना से भविष्य में होने वाले आर्थिक लाभ के संबंध में जानकारी ली गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब सात वर्ष पूर्व दो यूनिट में 400 महोगनी के पौधे लगाए गए थे। अगले पांच से सात वर्षों में पेड़ पूरी तरह तैयार होने की संभावना है। यदि एक पेड़ की न्यूनतम कीमत 10 हजार रुपये भी मानी जाए तो 400 पेड़ों से किसान को करीब 40 लाख रुपये की आय प्राप्त हो सकती है।
बताया गया कि पौधारोपण से लेकर पांच वर्ष तक सरकार द्वारा मजदूरी का भुगतान भी किया गया है। इससे किसानों को वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ दीर्घकालिक आर्थिक लाभ प्राप्त होने की संभावना है। उप विकास आयुक्त ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे वृक्षारोपण के सामाजिक, पर्यावरणीय एवं आर्थिक लाभों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी वृक्षारोपण के महत्व और इससे होने वाले आर्थिक लाभ का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक किसान एवं ग्रामीण वृक्षारोपण के लिए प्रेरित हो सकें।
इस अवसर पर निदेशक एनईपी, डीआरडीए अनित कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी पंकज गिरी, कनीय अभियंता मिथिलेश कुमार, पीटीए, पीआरएस सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं