सुपौल। किशनपुर प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, किशनपुर में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी सावन कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जो भी आवेदक संबंधित योजनाओं के लिए पात्र हैं, उन्हें बिना अनावश्यक विलंब के सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
डीएम ने अधिकारियों को आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा स्थानीय स्तर पर उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में पहुंचे आमजनों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी ली।

कोई टिप्पणी नहीं