सुपौल। HIV/AIDS की रोकथाम, जागरूकता, जांच एवं आवश्यक सेवाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समूह की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में सिविल सर्जन, सुपौल, डीपीएम जिला स्वास्थ्य समिति, श्रम निरीक्षक, जिला युवा पदाधिकारी, नेहरू युवा केंद्र, मेडिकल ऑफिसर, एआरटी सेंटर, जिला आईसीटीसी सुपरवाइजर, पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पर्यवेक्षक बी.एन. झा ने सुपौल जिले में HIV/AIDS से संबंधित अद्यतन आंकड़ों और संचालित गतिविधियों की जानकारी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2026 तक संचालित इंटेंसिफाइड कैंपेन के सफल क्रियान्वयन को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। अभियान के तहत HIV/AIDS की रोकथाम, लोगों में जागरूकता बढ़ाने, जांच की सुविधा उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
बैठक में संबंधित विभागों से अभियान के दौरान सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई, ताकि जिले में HIV/AIDS नियंत्रण से जुड़े निर्धारित लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ अभियान की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। बैठक का उद्देश्य जिले में HIV/AIDS की रोकथाम एवं नियंत्रण से संबंधित प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

कोई टिप्पणी नहीं