सुपौल
एकल अभियान के तहत उच्च विद्यालय किशनपुर के खेल मैदान में गुरुवार को एक दिवसीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन अध्यक्ष महामाया चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान 400 मीटर, 200 मीटर एवं 100 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए. इसके अलावा कबड्डी का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम स्वराज अंचल प्रमुख सुशील कुमार यादव, हरिकथा प्रमुख बाबा रमण शरण, संच प्रमुख गौतम यादव, कार्यक्रम पर्यवेक्षक महादेव चौधरी एवं सभी आचार्य मौके पर अभियान के विद्यानंद साह, विनोद चौधरी, श्रवण मंडल, रेखा कुमारी, उषा कुमारी, अनिरुद्ध यादव, पूजा कुमारी, खुशबू कुमारी सहित स्कूली बच्चे मौजूद थे। अध्यक्ष महामाया चौधरी ने बताया कि एकल विद्यालय विगत कई वर्षों से उपेक्षित ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित किये जा रहे हैं। इस अभियान के अंतर्गत बुनियादी शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, कौशल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, आधुनिक और उत्पादक कृषि प्रथाओं एवं ग्रामीण उद्यमिता द्वारा आदिवासी और ग्रामीण समुदायों का सशक्तीकरण किया जाता है। कई ट्रस्ट और गैर-लाभकारी संगठनों की भागीदारी से यह अभियान भारत की मुख्य धारा से अलग गाँवों में संचालित गैर-सरकारी शिक्षा के क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा अभियान बन गया है। इसके तहत एकल विद्यालय संगठन द्वारा अब तक एक लाख से अधिक एकल विद्यालय खोले जा चुके हैं। इस अभियान के तहत ग्रामीण विकास के लिये ग्रामोत्थान और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आरोग्य कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं