सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे अंचल कार्यालय निर्मली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अंचल स्तर पर संचालित राजस्व एवं जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने राजस्व महा-अभियान, सहयोग शिविर, परिमार्जन, दाखिल-खारिज तथा भूमि मापी से संबंधित मामलों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने लंबित मामलों पर गंभीरता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सभी लंबित प्रकरणों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम लोगों से जुड़े राजस्व मामलों का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया तथा राजस्व सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कोई टिप्पणी नहीं