सुपौल। हरि प्रसाद साह कॉलेज निर्मली में राष्ट्रीय सेवा योजना (प्रथम एवं द्वितीय इकाई) के तत्वावधान में बुधवार को "नशा मुक्त भारत अभियान" के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कृष्णा चौधरी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक एवं सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने भी नशे से होने वाली हानियों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में प्रोफेसर शिव कुमार बबलू, अधिकारी मतीन शाहिद, चंदन चौधरी, तोहकीर अहमद सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। वहीं रितिक राज, सिमंस विनोद, गायत्री कुमारी, काजल, हिना कुमारी, प्रतिभा कुमारी सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

कोई टिप्पणी नहीं