सुपौल। पब्लिक लाइब्रेरी एंड क्लब सुपौल के अध्यक्ष एवं जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता ब्रजेश कुमार सिंह के असामयिक निधन पर बुधवार को क्लब परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता एवं क्लब सदस्य शिवप्रसाद साह उर्फ बमबम बाबू ने की।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत ब्रजेश कुमार सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
सभा को संबोधित करते हुए क्लब के सचिव राजेन्द्र प्रसाद यादव ने ब्रजेश कुमार सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे न केवल एक कुशल और प्रतिष्ठित अधिवक्ता थे, बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय और महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निधन से विधि जगत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
वक्ताओं ने कहा कि ब्रजेश कुमार सिंह का सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और समाज सेवा के प्रति समर्पण उन्हें हमेशा लोगों के बीच यादगार बनाए रखेगा। उन्होंने अपने जीवनकाल में न्याय, सामाजिक सरोकार और जनसेवा के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत अधिवक्ता के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। द्धांजलि सभा का समापन दिवंगत ब्रजेश कुमार सिंह के आदर्शों एवं मूल्यों को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं