Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

स्कूल परिसर में घास काटने के दौरान छात्र को सांप ने डसा, अस्पताल में भर्ती



सुपौल। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 स्थित लतौना मिशन के पवित्र हृदय प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार की दोपहर एक छात्र को घास काटने के दौरान सांप ने डस लिया। घटना के बाद स्कूल प्रशासन ने घायल छात्र को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

घायल छात्र की पहचान कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र के दरमाही वार्ड-1 निवासी मोहन हेमब्रम के 15 वर्षीय पुत्र गंगाराम हेमब्रम के रूप में हुई है। वह विद्यालय के छात्रावास में रहकर कक्षा आठवीं में पढ़ाई करता है। पीड़ित छात्र ने बताया कि बुधवार को नियमित कक्षाओं के बाद टिफिन के समय वह विद्यालय परिसर स्थित पोखर के किनारे घास काटकर साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक सांप ने उसके दाहिने हाथ की कोहनी के पास डस लिया। घटना के बाद विद्यालय के एक कर्मी पप्पू उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे।

छात्र का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रतिदिन दोपहर करीब 2:40 बजे के बाद छात्रों से परिसर की साफ-सफाई कराई जाती है और घटना भी इसी दौरान हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचाने के बाद संबंधित कर्मी वहां से चले गए। अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार सुमन ने बताया कि छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। उसकी हालत सामान्य है तथा वह खतरे से बाहर है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि परिसर में झाड़ियां और घास इतनी अधिक थीं कि वहां सांप छिपा हुआ था, तो यह सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का संकेत है। साथ ही नाबालिग छात्रों से ऐसे जोखिमपूर्ण स्थानों पर घास कटवाने और साफ-सफाई कराने को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

इधर घटना को लेकर विद्यालय प्रशासन का पक्ष जानने के लिए लतौना मिशन के फादर सह विद्यालय प्राचार्य डेविड इलयास से कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। ऐसे में छात्रों से साफ-सफाई कराए जाने के आरोपों पर विद्यालय प्रबंधन की आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

कोई टिप्पणी नहीं