सुपौल। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न और महान कवि अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का संचालन नगर अध्यक्ष राहुल झा ने किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके कृतित्व व व्यक्तित्व को याद किया।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में मिथिलांचल के विकास के लिए जो कार्य किए गए, वे आज फल-फूल रहे हैं। उन्होंने मैथिली भाषा को संविधान की अष्टम सूची में जोड़कर ऐतिहासिक कार्य किया।
उन्होंने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में शुरू की गई योजनाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सही तरीके से लागू किया। अटल जी न केवल ओजस्वी वक्ता थे, बल्कि एक संवेदनशील कवि भी थे।
श्री ठाकुर ने अटल जी के प्रयासों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध सुधारने के लिए सद्भावना ट्रेन चलाने का कार्य किया और स्वयं उसमें यात्रा कर लाहौर तक गए। उनका मानना था कि पड़ोसी देश मित्र होना चाहिए और उनसे रिश्ते मजबूत होने चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. विजय शंकर चौधरी ने अटल जी को देश के महान राजनेताओं में से एक बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी की सादगी, विद्वता और नेतृत्व क्षमता आज भी सबके लिए प्रेरणा स्रोत है। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी के जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कोई टिप्पणी नहीं