सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र के रतौली पंचायत स्थित वार्ड नंबर 4 में बुधवार को जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ की पंचायत कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रखंड अध्यक्ष संजय मंडल के आवासीय परिसर में हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय मंडल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जदयू विधानसभा प्रभारी विजयेंद्र नारायण यादव उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने का संकल्प लिया
बैठक को संबोधित करते हुए विजयेंद्र नारायण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हर क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने के लिए कार्यकर्ता लोगों को सही जानकारी दें।
यादव ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं अब हर गांव और टोले तक पहुंच चुकी हैं। पूरे जिले में सड़कों का जाल बिछाया गया है और पुल-पुलिया का बड़े पैमाने पर निर्माण हुआ है। उन्होंने छात्र-छात्राओं के लिए दी जा रही प्रोत्साहन राशि का भी जिक्र किया और कहा कि इससे बच्चों में शिक्षा के प्रति ललक बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार में शांति के साथ-साथ तेजी से विकास हो रहा है। सरकार हर वर्ग और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस मौके पर प्रखंड जदयू अध्यक्ष उपेंद्र मंडल, पूर्व मुखिया भुवनेश्वर मंडल, उद्यानंद विश्वास, उदय कामत, निखिल सिंह यादव, विद्यानंद मंडल, परमेश्वर मंडल, संतोष मंडल, आलोक सिंह, बेद्दनाथ साह, परमानंद मंडल, और नंदन कुमार मंडल समेत कई जदयू कार्यकर्ता मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं