सुपौल। भूमि विवाद के निपटारे के लिए शनिवार को वीरपुर थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें कुल 15 मामलों पर सुनवाई हुई, जिसमें 5 मामलों का समाधान किया गया। जबकि शेष 10 मामलों के लिए फरियादियों को अगले शनिवार की तारीख दी गई।
दरबार में बसंतपुर सीओ हेमंत कुमार अंकुर, वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल, भीमनगर थानाध्यक्ष दीपक कुमार और बसंतपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से जुड़े राजस्व पदाधिकारी मौजूद थे। सीओ ने जानकारी दी कि जनता दरबार में वीरपुर थाना क्षेत्र से जुड़े पुराने 7 और नए 5, कुल 12 मामले पेश किए गए। वहीं, भीमनगर थाना क्षेत्र से जुड़े 2 पुराने और 1 नया, कुल 3 मामले शामिल थे।
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की उपस्थिति और जमीन से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर वीरपुर थाना क्षेत्र के 4 और भीमनगर थाना क्षेत्र के 1 मामले का निष्पादन किया गया। शेष 10 मामलों में फरियादियों को अगले शनिवार को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। सीओ अंकुर ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का शांतिपूर्ण और त्वरित समाधान करना है।
दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे थे। प्रशासन ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनने और निष्पक्षता से हल करने का भरोसा दिया। जनता दरबार के इस आयोजन से लोगों में विवादों के निपटारे को लेकर उम्मीद जगी है।
कोई टिप्पणी नहीं