सुपौल। पिपरा प्रखंड क्षेत्र के विशनपुर गांव स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय में शनिवार की सुबह प्रार्थना सभा के दौरान पांच छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्कूल प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी छात्राओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरा में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें विद्यालय भेज दिया गया, जबकि दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, सुपौल रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिला के मलडीहा निवासी त्रिपु ऋषिदेव की 08 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी और सुपौल निवासी मनोज टटवा की 09 वर्षीय पुत्री पल्लवी कुमारी प्रार्थना के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गईं। पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव और ठंड के कारण छात्राओं की तबीयत बिगड़ी थी।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुलेखा कुमारी ने भी ठंड को ही इसकी वजह बताया और कहा कि तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे सभी छात्राएं अब स्वस्थ हैं। सदर अस्पताल, सुपौल में इलाज कर रहे डॉक्टर मो. जाहिद अख्तर ने भी पुष्टि की कि दोनों छात्राएं खतरे से बाहर हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन अस्पताल पहुंचे और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर ले गए। इस घटना से विद्यालय प्रशासन सतर्क हो गया है और छात्रों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार कर रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं