सुपौल। भारतीय जनता पार्टी मंडल सुपौल द्वारा पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण अभियान के तहत लोकहा पंचायत में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष पंकज कुमार झा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ऋषि देव ने कहा कि पार्टी ने सामाजिक विस्तार के लिए शुरू से ही विभिन्न स्तरों पर संगठन का सशक्त ढांचा तैयार किया है। युवाओं, महिलाओं, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, किसानों एवं अल्पसंख्यकों को जोड़कर संगठन को मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ भाजपा देश को श्रेष्ठ भारत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
वहीं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर एवं डॉ. विजय शंकर चौधरी ने कहा कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिल पा रहा है, जिस पर विशेष रणनीति बनाकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रणधीर ठाकुर एवं सुरेंद्र पाठक ने पार्टी की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 14 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने धारा 370 हटाने, श्री राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने, तीन तलाक समाप्त करने, सर्जिकल स्ट्राइक जैसे कदमों को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है।
कार्यक्रम में रूबी जायसवाल, मनोज पाठक, सरोज कुमार झा, जयवीर यादव, परमानंद सिंह, दिलीप कुमार सिंह सहित कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कोई टिप्पणी नहीं