सुपौल। पिपरा प्रखंड के रामनगर पंचायत स्थित दलित बस्ती में बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का 78वां जन्मदिन बड़े ही सामाजिक सौहार्द और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभी जाति और धर्मों के लोगों ने एकजुट होकर भाग लिया और आपसी समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं राजद के वरिष्ठ नेता प्रो. रामचंद्र प्रसाद मंडल ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां कार्यकर्ताओं के साथ साझा कीं। कार्यकर्ताओं ने रंग-गुलाल लगाकर लालू प्रसाद यादव के जन्मदिवस को यादगार बना दिया।
विशेष रूप से दलित बस्ती में भोज का आयोजन किया गया, जहां चूड़ा-दही और आम का स्वादिष्ट भोजन सभी को परोसा गया। भोज में क्षेत्र के ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया।
अपने संबोधन में प्रो. रामचंद्र प्रसाद मंडल ने कहा कि आज भी दलित और वंचित समाज शासन व्यवस्था से उपेक्षित है। उन्होंने कहा, "बिहार जल रहा है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीरा की तरह बंशी बजा रहे हैं।" उन्होंने यह विश्वास जताया कि जल्द ही तेजस्वी यादव के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सरकार बिहार में बनेगी और सामाजिक न्याय को नया आयाम मिलेगा।
राजद नेता बुचन यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने दलित, पिछड़ा और वंचित समाज को आवाज दी और उन्हें मुख्यधारा में लाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह जन्मदिन केवल एक नेता का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के प्रतीक का उत्सव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष पंकज प्रियदर्शी ने की। इस अवसर पर डॉ. इमामन, मदन यादव, मेहंदी हसन, अनमोल यादव, बाबुल यादव, कमल यादव, जगदीश यादव, तब्बू यादव, अमन यादव, धनु सदा, हरे कृष्णा रतन, लक्ष्मी भगत, देवनारायण सदा, दुखी सदा, मेहंदी हुसैन, गणपति यादव, ललन झंकार, अमन कुमार यादव, श्यामल यादव, राजेंद्र मंडल, जवाहर झा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं