सुपौल। रतनपुर थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर स्थित 32 आरडी के समीप शनिवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मृत व्यक्ति पिछले दो-तीन दिनों से दीनबंधी पंचायत के आसपास घूमता देखा गया था। उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत हो रही थी और वह बातचीत नहीं करता था। क्षेत्र के कुछ सहृदय लोगों द्वारा उसे भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा था। बताया गया कि शुक्रवार शाम को वह दीनबंधी से पश्चिम दिशा की ओर जाता देखा गया था, जिसके बाद शनिवार को उसका शव बरामद हुआ।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मृत्यु के कारणों का सही पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी खंगाल रही है और हर संभव पहलु से जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि शव की पहचान होने पर उसे परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने में मदद करेगा। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत और जिज्ञासा का माहौल बना हुआ है, वहीं स्थानीय लोग भी मृतक की पहचान को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं