सुपौल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को भारत स्काउट और गाइड, सुपौल द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह द्वारा झंडोत्तोलन के साथ की गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संगठन आयुक्त सह जिला प्रशिक्षण आयुक्त संजय कुमार झा ने किया। आयोजन के तहत शहर में जागरूकता रैली, पौधरोपण, प्रहसन (नुक्कड़ नाटक), चित्रकला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जागरूकता रैली को जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) राहुल कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संग्राम सिंह ने कहा, पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है। ऐसे में हर नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह अपने गांव, शहर और विद्यालय में पौधरोपण कर पर्यावरण की रक्षा में योगदान दें।
कार्यक्रम में मध्य विद्यालय सरही मलिकाना के प्रधानाध्यापक जगदेव साह, शिक्षक अमोल झा, विजय मंडल, अजय राम, मो. ताज आलम सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड के सदस्य, स्वयंसेवक और बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम के विभिन्न भागों ने न केवल बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि स्थानीय लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया।
कोई टिप्पणी नहीं