सुपौल। छातापुर थाना क्षेत्र के कटहरा पंचायत में बुधवार को एक मामूली विवाद खौफनाक रूप ले बैठा, जब खेत में जलावन (मकई की ठठरी) को लेकर महिलाओं के बीच हुई नोकझोंक के दौरान एक महिला को गोली मार दी गई। गोली लगने से 35 वर्षीया रंजु देवी, पति गजेंद्र साह (निवासी वार्ड संख्या 10) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रंजु देवी अपने खेत में जलावन जमा कर पास में घास काट रही थीं। इसी दौरान वार्ड संख्या 12 की कुछ महिलाएं वहां पहुंचीं और जलावन उठाने लगीं। विरोध करने पर दोनों पक्षों में बहस और कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर वार्ड 12 की एक महिला ने मो. शौकत (पिता मो. तजमुल) को फोन कर मौके पर बुला लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में मो. शौकत वहां पहुंचा और आते ही रंजु देवी तथा उनके पुत्र पवन कुमार पर गोली चला दी। इस हमले में पवन को बचाने के प्रयास में रंजु देवी के दाहिने हाथ में गोली लग गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए छातापुर सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. सुस्मिता अर्चना ने बताया कि गोली लगने से महिला का दाहिना हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही छातापुर थाना पुलिस सीएचसी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायल महिला के पति गजेंद्र साह ने बताया कि गोली चलाने वाला मो. शौकत अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और घटना के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं