सुपौल। जिले के विभिन्न प्रखंडों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और जागरूकता गतिविधियाँ की जा रही हैं। इसके तहत बीएलओ द्वारा एन्युमरेशन फॉर्म का वितरण, बैठकों का आयोजन और निरीक्षण कार्य तेज़ी से चल रहा है, ताकि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और अपात्र नाम हटाए जा सकें।
45-छातापुर विधानसभा अंतर्गत बूथ संख्या-21 पर PGRO वीरपुर के समक्ष बीएलओ द्वारा एन्युमरेशन फॉर्म का वितरण किया गया। यह कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ।
पिपरा प्रखंड के रतौली पंचायत भवन में बूथ संख्या 119 से 129 तक के बीएलओ, उनके क्षेत्र की आँगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रखंड के सहायक वरीय पदाधिकारी मुकेश कुमार यादव, मनरेगा प्रोग्राम ऑफिसर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में पुनरीक्षण की प्रक्रिया, दस्तावेजों की सत्यता, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर चर्चा की गई।
किशनपुर प्रखंड के कटहारा कदमपुरा पंचायत में प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा एन्युमरेशन फॉर्म वितरण का निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्रक्रिया की गुणवत्ता और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।
मरौना प्रखंड में मुखिया, समिति सदस्य, सरपंच एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रखंड अध्यक्षों के साथ BDO मरौना ने एक संवादात्मक बैठक की।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और नागरिकों को जागरूक करने के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई।
BDO ने स्पष्ट किया कि यह अभियान लोकतंत्र की नींव है, और इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए और कोई अपात्र नाम उसमें दर्ज न हो।
कोई टिप्पणी नहीं