सुपौल। बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत रतनपुर थाना में नव पदस्थापित थानाध्यक्ष पिंटू कुमार के पदभार ग्रहण करने के साथ ही क्षेत्रवासियों में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था को लेकर नई उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण प्रभावी होगा और आम जनता को राहत मिलेगी।
पदभार ग्रहण के बाद थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने कहा कि बेहतर पुलिसिंग सेवा देना उनका प्राथमिक कर्तव्य है। थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाएगा।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, शराब तस्करी पर रोक, अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा महिला, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि जनसहयोग के बिना अपराध पर पूर्ण नियंत्रण संभव नहीं है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि थाना परिसर में आने वाले सभी फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने कहा कि रतनपुर पुलिस टीम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेगी, ताकि क्षेत्र में अमन-चैन, सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम रह सके।

कोई टिप्पणी नहीं