सुपौल। जनता दल यूनाइटेड की प्रखंड स्तरीय बैठक शुक्रवार को न्यू मार्केट, राघोपुर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी के चल रहे सदस्यता अभियान को गति देने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रो. कमल यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जदयू जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि सदस्यता अभियान पार्टी संगठन की रीढ़ है। अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर ही जदयू की नीतियों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रखंड अध्यक्ष प्रो. कमल यादव ने कहा कि राघोपुर प्रखंड में सदस्यता अभियान को सुनियोजित एवं चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। प्रत्येक पंचायत में प्रभारी नियुक्त कर लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे, ताकि अभियान को समयबद्ध और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और सक्रियता के साथ कार्य करने की अपील की।
बैठक में आगामी राजनीतिक गतिविधियों, बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती, नए सदस्यों को जोड़ने की रणनीति तथा पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखेंगे।
इस अवसर पर महेंद्र गुप्ता, चंद्रभूषण मंडल, प्रमोद मंडल, खुर्शीद आलम, रमेश यादव, ओमप्रकाश यादव, प्रियंका यादव, नूर आलम, उपेंद्र यादव, पवन दास, नरेंद्र यादव, उमेश यादव, पूनम देवी, रविन्द्र विश्वास, मनोज यादव, रंभा कुमारी, अमित कुमार, चंदेश्वर साह, ओमप्रकाश साह, मो. अखलाक, मधुसूदन यादव, नंदलाल सहित दर्जनों जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं