Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण में स्कूल की खुली पोल, शिक्षिका अनधिकृत रूप से अनुपस्थित; मध्याह्न भोजन में भी मिली गड़बड़ी




सुपौल,। जिलाधिकारी सावन कुमार द्वारा बुधवार को त्रिवेणीगंज प्रखंड के मध्य विद्यालय डपरखा एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय डपरखा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज एवं प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

मध्य विद्यालय डपरखा में कुल 11 पदस्थापित शिक्षकों में सात शिक्षक उपस्थित मिले। शिक्षिका सुषमा रामनाथ डाइट बसहा में प्रशिक्षण के लिए गई थीं, जबकि शिक्षिका सरिता कुमारी 17 जुलाई 2026 से अनधिकृत रूप से विद्यालय से अनुपस्थित पाई गईं। वहीं शिक्षिका इंदु कुमारी एवं पायल कौर विशेष अवकाश पर थीं। जिलाधिकारी ने अनधिकृत रूप से अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर एवं कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। कई वर्ग कक्षों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। कुछ कमरों में बल्ब अथवा ट्यूब लाइट तक नहीं पाए गए, जिससे बच्चे अंधेरे में पढ़ाई करते मिले।

विद्यालय को विभिन्न मदों में प्राप्त आवंटन के विरुद्ध कराए गए कार्यों के संबंध में प्रधानाध्यापक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जिलाधिकारी ने विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। आठवीं कक्षा की एक छात्रा से राज्य का नाम पूछे जाने पर वह सही जवाब नहीं दे सकी।

मध्याह्न भोजन मेन्यू के अनुसार बनता हुआ पाया गया, लेकिन भोजन की मात्रा को लेकर गंभीर अनियमितता सामने आई। छात्र उपस्थिति पंजी में कक्षा 1 से 5 तक 98 तथा कक्षा 6 से 8 तक 96 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज थी। इसके बावजूद भोजन काफी कम मात्रा में तैयार किया जा रहा था। चना की सब्जी के लिए मात्र 1.5 किलोग्राम चना का उपयोग किया गया था, जो निर्धारित मानक से काफी कम पाया गया।

मध्याह्न भोजन में प्रथम दृष्टया घोर अनियमितता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मध्य विद्यालय डपरखा के प्रधानाध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, डपरखा का निरीक्षण किया। यहां रसोईघर की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

उन्होंने प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज को निर्देश दिया कि किसी निकटवर्ती विद्यालय से कंप्यूटर शिक्षक की प्रतिनियुक्ति कराकर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कंप्यूटर कक्षा शीघ्र शुरू कराई जाए।

औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, बेहतर साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मध्याह्न भोजन में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं