सुपौल। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित लहटन चौधरी सभागार में व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले भर से आए व्यापारियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी सुरक्षा एवं सुचारू व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
बैठक के दौरान व्यापार मंडल के सदस्यों ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि सड़कों पर बढ़ते अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा है, जिससे आए दिन जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। इसके साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों में पुलिस चौकियों के अभाव तथा बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस गश्ती (पेट्रोलिंग) बढ़ाने की मांग की गई।
व्यापारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक शाखाओं की कमी के कारण नकद लेन-देन में हो रही परेशानियों का भी उल्लेख किया। इसके अलावा सड़कों पर ट्रकों से की जा रही अवैध वसूली पर रोक लगाने तथा अनियंत्रित गति से वाहन चलाने वालों (रैश राइडिंग) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ने उनकी समस्याओं को हरसंभव दूर करने का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं सुरक्षा चौकियां स्थापित करने की संभावनाओं पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अमर कुमार चौधरी उर्फ भगवान चौधरी, अध्यक्ष, व्यापार संघ, सचिव व्यापार संघ सुपौल सहित सुपौल जिला के सभी बाजारों के व्यापारी संघों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं