Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

छह दिनों बाद राघोपुर में गैस की गाड़ी पहुंची, 504 सिलेंडर के लिए एजेंसी पर उमड़ी भीड़



सुपौल। राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से चल रहे घरेलू रसोई गैस संकट के बीच सोमवार को कुछ राहत भरी खबर सामने आई। गणपति एचपी गैस सेवा केंद्र के गोदाम पर करीब छह दिनों के इंतजार के बाद गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक पहुंचा। ट्रक में कुल 504 सिलेंडर लाए गए थे। गैस आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी के गोदाम पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार प्रखंड में करीब 32 हजार गैस उपभोक्ता हैं। पिछले छह दिनों से गैस की आपूर्ति लगभग ठप रहने के कारण हजारों परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई घरों में गैस खत्म होने से लोगों को खाना बनाने के लिए मजबूरन लकड़ी के चूल्हे, कोयला और अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा था, जिससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सोमवार सुबह जैसे ही गैस ट्रक के पहुंचने की खबर फैली, उपभोक्ता सुबह 7 बजे से ही एजेंसी के बाहर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में वहां लंबी कतार लग गई और भीड़ लगातार बढ़ती चली गई। गैस लेने के लिए उमड़ी भीड़ को देखकर पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं, जब वर्षों पहले गैस सिलेंडर के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ता था।

भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए राघोपुर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर क्रमवार तरीके से गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

गणपति एचपी गैस सेवा के मैनेजर दिलीप सेन ने बताया कि गैस प्लांट से पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि छह दिनों बाद प्लांट से गैस की गाड़ी आई है, जिसमें 504 सिलेंडर पहुंचे हैं।

एजेंसी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि उपभोक्ताओं की संख्या काफी अधिक है, इसलिए सभी को तुरंत सिलेंडर मिल पाना संभव नहीं है। जैसे-जैसे गैस प्लांट से सिलेंडरों की आपूर्ति बढ़ेगी, स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी। फिलहाल एजेंसी पर गैस लेने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है और उपभोक्ता अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं