सुपौल। बिहार की समग्र समृद्धि को गति देने और राज्य को विकसित राज्यों की अग्रणी श्रेणी में स्थापित करने के उद्देश्य से चल रही समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने सुपौल और मधेपुरा जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया तथा उनकी प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान सुपौल जिले में 435 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 84 योजनाओं का शिलान्यास तथा 135 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 129 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने निर्मली रिंग बांध के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं मधेपुरा जिले में 86 करोड़ रुपये की लागत की 137 योजनाओं का शिलान्यास और 216 करोड़ रुपये की लागत की 158 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इस दौरान मधेपुरा पुलिस लाइन के प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का भी उद्घाटन किया गया।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए तथा योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचे। साथ ही जिला प्रशासन को लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संवेदनशील और सक्रिय रहने को कहा।
इसके अतिरिक्त सुपौल और मधेपुरा में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी दी और जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखी।


कोई टिप्पणी नहीं