सुपौल। रामनवमी के पावन अवसर पर शनिवार को सिमराही बाजार स्थित गुलाबदास ठाकुरबाड़ी परिसर से भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में राघोपुर, सिमराही, करजाईन, गद्दी, गनपतगंज, हुलास समेत आसपास के कई क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय और भगवामय हो उठा।
करीब एक किलोमीटर लंबी इस शोभायात्रा में रामभक्तों के हाथों में लहराते भगवा ध्वज ने पूरे इलाके को केसरिया रंग में रंग दिया। महिलाओं, बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और कार्यों का गुणगान करते हुए श्रद्धालु नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते रहे।
शोभायात्रा की शुरुआत दोपहर करीब एक बजे गुलाबदास ठाकुरबाड़ी परिसर से हुई। यात्रा ठाकुरबाड़ी से निकलकर एनएच-27 के रास्ते पुराना सिनेमा हॉल, जेपी चौक, एनएच-106, करजाईन रोड, पावर ग्रिड, रेफरल अस्पताल रोड, पिपराही रोड, धोबी टोला, पेट्रोल पंप, राघोपुर पोस्ट ऑफिस, गांधी नगर सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा में राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान, मां काली, जामवंत और नारद की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। रामायण के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। देवी-देवताओं के स्वरूप में सजे बच्चे और कलाकार शोभायात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान कर रहे थे। इसके अलावा अघोरी टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर अद्भुत प्रदर्शन कर भक्तों में उत्साह और जोश भरने का कार्य किया गया।
शोभायात्रा से एक दिन पूर्व शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक संगीत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था, जिसके बाद शनिवार को यह भव्य यात्रा निकाली गई।
आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रही। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था में एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, बीडीओ सत्येंद्र कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय समेत करजाईन, पिपरा और भीमपुर थाना पुलिस तथा जिला सशस्त्र बल पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं