सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के रतौली पंचायत स्थित लालमनियां वार्ड नंबर 6 में शुक्रवार की रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लगने से एक परिवार का भारी नुकसान हो गया। आगलगी की इस घटना में शिवनारायण साह के दो आवासीय घर, एक मवेशी घर तथा रसोई घर जलकर राख हो गए। घर में रखा खाने-पीने का सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। साथ ही पांच बकरियां जलकर मर गईं।
घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान आग की चपेट में आने से एक गाय का बछड़ा और एक व्यक्ति झुलस गए। झुलसे व्यक्ति का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती, तब तक बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
घटना में जले मवेशी के पोस्टमार्टम के लिए मवेशी चिकित्सक को बुलाया गया है। वहीं, घटना की सूचना प्रखंड प्रशासन को भी दे दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिया गया है। वहीं स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार की यथासंभव मदद में जुटे हुए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं