सुपौल। त्रिवेणीगंज प्रखंड के जदिया पंचायत अंतर्गत फुलकाहा वार्ड संख्या-21 में शनिवार की सुबह अचानक लगी भीषण आग में चार परिवारों के पांच घर जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे देखते ही देखते पूरा इलाका अफरा-तफरी में बदल गया।
अगलगी की इस घटना में गोसाय शर्मा, मिथलेश शर्मा, पप्पू शर्मा एवं खट्टर शर्मा के घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग में करीब 70 हजार रुपये नकद, दो साइकिल, अनाज, बर्तन, फर्नीचर, कपड़े तथा महत्वपूर्ण कागजात जलकर राख हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि ग्रामीणों द्वारा आशंका जताई जा रही है कि आग चूल्हे की चिंगारी या बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन गांव तक समुचित रास्ता नहीं होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने तथा गांव में सड़क सुविधा बहाल करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं