सुपौल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर में साफ-सफाई व्यवस्था में लगातार लापरवाही बरतने को लेकर आउटसोर्सिंग एजेंसी पर एक बार फिर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने सीएचसी का निरीक्षण किया, जिसमें सफाई व्यवस्था की स्थिति काफी दयनीय पाई गई।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने अस्पताल परिसर के विभिन्न वार्डों, फर्श और शौचालयों का जायजा लिया। इस दौरान जगह-जगह गंदगी, बदबू और सफाई में गंभीर खामियां सामने आईं। शौचालयों की समुचित सफाई नहीं होने से वातावरण अस्वच्छ पाया गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीडीओ डॉ. गुप्ता ने बताया कि त्रिवेणीगंज एसडीएम के निर्देश पर यह निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में साफ-सफाई कार्य में भारी लापरवाही सामने आने के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि रोगी कल्याण समिति की बैठक में आउटसोर्सिंग एजेंसी के भुगतान में 30 प्रतिशत कटौती का प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन को भेजा जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले नवंबर 2025 में भी साफ-सफाई में लापरवाही के कारण संबंधित एजेंसी के भुगतान में 20 प्रतिशत की कटौती की गई थी। इसके बावजूद एजेंसी के कार्य एवं व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ है।
बीडीओ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एजेंसी अपने कार्य और दायित्वों में सुधार नहीं लाती है, तो आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है, ताकि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं