सुपौल। सशस्त्र सीमा बल 45वीं वाहिनी ने सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए मानव तस्करी के एक प्रयास को विफल कर दिया। इस दौरान दो नाबालिग युवक-युवती को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में 100 लीटर डीजल, एक बाइक और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीमा चौकी कुनौली के चेक पोस्ट संख्या-02 पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक युवक और एक युवती को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मोहम्मद इब्राहिम (ग्राम- छाताबेली, थाना- डूबी, जिला- सुनसरी, नेपाल) तथा युवती ने अपना नाम मनीषा (ग्राम- रानी, थाना- रानी, जिला- सुनसरी, नेपाल) बताया। प्रारंभिक जांच में दोनों बार-बार बयान बदलते रहे और कोई वैध पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे संदेह गहराया।
गहन पूछताछ में पता चला कि दोनों नाबालिग घर से बिना अनुमति भागे हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को दी गई। इसके बाद नेपाल एपीएफ की मौजूदगी में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों को आगे की कार्रवाई हेतु नेपाल एपीएफ को सौंप दिया गया। इस दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।
वहीं दूसरी ओर, सीमा चौकी कुनौली के गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 221/1 के समीप एक बाइक पर सवार दो युवकों को भारत से नेपाल जाते हुए देखा। गश्ती दल को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में युवकों ने अपना नाम राज कुमार और संजय यादव (दोनों निवासी- ढाढा छतोनी, थाना- रतनपुरा, जिला- सुपौल) बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से 100 लीटर डीजल बरामद हुआ, जिसके संबंध में वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
एसएसबी ने बरामद डीजल, बाइक (BR 50 Y 9486) और दोनों आरोपियों को जब्त करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कस्टम कार्यालय कुनौली को सौंप दिया।


कोई टिप्पणी नहीं