सुपौल। सदर थाना क्षेत्र के गोपालपुर सिरे पंचायत के वार्ड संख्या 02 से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है। उफनती कोसी नदी में नहाने के दौरान चार मासूम बच्चियां डूब गईं। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक अब भी लापता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान पप्पू राम की 12 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी, प्रमोद सादा की 12 वर्षीय पुत्री सुनीता कुमारी तथा ललित सादा की 10 वर्षीय पुत्री नंदनी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं बच्चा लाल सादा की 10 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सभी बच्चियां नदी किनारे खेलते-खेलते पानी में उतर गई थीं। इसी दौरान अचानक गहराई में जाने से वे डूबने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीन बच्चियों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम है। मासूम बच्चियों की असमय मौत ने न सिर्फ उनके परिवारों, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं