सुपौल। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर सुपौल पुलिस ने नगर परिषद क्षेत्र स्थित गणपति मैरेज हॉल के पीछे एक अर्धनिर्मित पक्के मकान में छापेमारी कर कुल 8 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 3 देसी हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियारों के साथ गणपति मैरेज हॉल के पीछे स्थित एक सुनसान अर्धनिर्मित मकान में जमा हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से फुलेन्द्र कुमार, बलराम कुमार, अभय कुमार एवं सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन तथा 2500 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार, विक्रम यादव, रंजीत कुमार और राजकुमार मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक और देशी पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अक्सर इस सुनसान अर्धनिर्मित मकान में बैठकर कॉरेक्स और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करते थे तथा आसपास के क्षेत्रों में छिनतई, लूट और झपटमारी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए यहां इकट्ठा हुए थे और इसी अवैध कारोबार से पैसे कमाते थे।
पुलिस ने इस मामले में सुपौल थाना कांड संख्या 329/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए अनुसंधान शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार कुछ अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इनमें राजकुमार मुखिया, अशोक कुमार, फुलेन्द्र कुमार और विक्रम यादव के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
सुपौल पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं