सुपौल। वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में शनिवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची 92 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।
अनुमंडल अस्पताल के स्वास्थ्य प्रबंधक अविनाश कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान जांच में 17 गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क जोन में चिन्हित किया गया है, जिनकी विशेष निगरानी एवं देखभाल की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं गर्भ में पल रहे शिशु के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा महिलाओं को कुपोषण से बचाना है।
शिविर में गर्भवती महिलाओं का हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, एचआईवी, जीडीएम एवं वजन की जांच की गई। जांच के बाद आवश्यकता अनुसार महिलाओं को आयरन, कैल्शियम एवं अन्य आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा उन्हें पोषणयुक्त आहार लेने एवं नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी गई।
अस्पताल परिसर में आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्यकर्मियों एवं चिकित्सा कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं