सुपौल। छातापुर मुख्यालय स्थित बजरंग चौक के समीप एसएच-91 पर रविवार को एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक दैनिक मजदूरी के लिए एक व्यवसायी के घर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दिल्ली जाने वाली बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक और सह चालक मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। घायल युवकों की पहचान मुख्यालय पंचायत वार्ड संख्या-4 निवासी मो. समशेर के 18 वर्षीय पुत्र मो. साकिब तथा लालगंज पंचायत वार्ड संख्या-15 निवासी मो. कलाम के 32 वर्षीय पुत्र मो. अशफाक के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रमोद झा अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। बाद में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छातापुर में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बीआर 28 पी 3123 नंबर की ट्रेवल प्वाइंट बस छातापुर बस पड़ाव से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बजरंग चौक के समीप सड़क पर जलजमाव होने के कारण बस चालक वाहन को रॉन्ग साइड में ले गया, जिससे सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई।
थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है तथा मौके पर दो चौकीदारों की तैनाती कर दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं