सुपौल। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार, पटना द्वारा संचालित बिहार राज्य मदरसा सुदृढ़ीकरण योजना के तहत किशनपुर प्रखंड स्थित मदरसा सिराजुल उलूम मेहासिमर में चल रहे भवन निर्माण कार्य का शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कई विसंगतियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और तत्काल प्रभाव से कार्य रोकने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार योजना के अंतर्गत मदरसा परिसर में 6 वर्ग कक्ष, 4 शौचालय, 2 वजुखाना, 1 कार्यालय कक्ष, 1 प्रधानाचार्य कक्ष, लॉबी तथा 1 पुस्तकालय का निर्माण कराया जाना है। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं मानकों में अनियमितता सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक को फटकार लगाई।
डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने के साथ-साथ संवेदक के भुगतान पर भी रोक लगाने का आदेश दिया। साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही एवं अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं